सिद्धार्थनगर/ पथरा बाजार। पथरा थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी का झांसा देकर एक युवती से दो साल तक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ पथरा दीपक कुमार दुबे ने बताया कि क्षेत्र के एक व्यक्ति ने रविवार को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसकी बेटी के साथ दो साल तक दुष्कर्म किया। शादी की बात आई तो पहले वह आनाकानी करता रहा और बाद में साफ इनकार कर दिया। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर क्षेत्र के ही एक गांव के निवासी खुर्शीद अहमद के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धारा में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उसे जेल भेजा जाएगा।